रांची. झारखंड की राजधानी रांची का डोरंडा थाना मंगलवार को उस वक्त अखाड़ा बन गया जब हाई कोर्ट के अधिवक्ता मनोज टंडन को एक युवक को मर्सिडीज की बोनट पर घसीटने और बंधक बनाकर पीटने के आरोप में हिरासत में लिया गया। घटना तब शुरू हुई जब टीसीएस (TCS) कर्मचारी नवाज खान अपने भाई को परीक्षा केंद्र छोड़कर लौट रहा था और उसकी बाइक की टक्कर वकील की लग्जरी कार से हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर हुए विवाद के बीच, आरोप है कि अधिवक्ता ने नवाज को कार की बोनट पर लटकाकर काफी दूर तक घसीटा, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित की मां के अनुसार, उनके बेटे को फ्लैट पर ले जाकर बंधक बनाया गया और बेरहमी से पीटा गया।
इस मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब मनोज टंडन की हिरासत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वकील और उनके समर्थक थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार भी न्याय की मांग को लेकर डटा रहा, जिससे घंटों ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’ चलता रहा। पुलिस ने इस मामले में लिखित शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और मर्सिडीज कार को भी कब्जे में ले लिया है। डीएसपी पीके मिश्रा के अनुसार, पुलिस साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
