रांची: दहेज के लिए विवाहिता को बेरहमी से पीटा, तीन तलाक की धमकी; दो बेटियों के जन्म पर ससुराल वालों ने किया जानलेवा हमला

झारखंड

रांची. राजधानी के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में दहेज और बेटियों के जन्म को लेकर एक महिला को प्रताड़ित करने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता ने गुरुवार को अपने पति आफताब आलम और ससुराल वालों के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक की धमकी देने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

महिला का निकाह वर्ष 2019 में हुआ था, लेकिन आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और परिजनों ने 5 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी. मांग पूरी न होने पर महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. पीड़िता ने बताया कि दो बेटियों के जन्म के बाद ससुराल वालों का व्यवहार और भी क्रूर हो गया और पुत्र की चाहत में उसे लगातार अपमानित किया गया. दो माह पूर्व उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जान लेने का प्रयास भी किया गया, जिसके बाद वह किसी तरह अपनी जान बचाकर बेटियों के साथ मायके पहुँची. फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *