गिरिडीह. गिरिडीह–महेशमुंडा मुख्य मार्ग पर मधवाडीह के पास गुरुवार की शाम लगभग 5 बजे सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई. मृतक 25 वर्षीय राजेश साव उर्फ टिंकू साव जेरूआडीह पंचायत के डाकबंग्ला पिरहाकट्टा गांव का रहने वाला था. वह डाकबंगला चौक पर किराना का दुकान चलाता था. बताया जाता है कि युवक अपने बाइक से गिरिडीह से वापस डाकबंगला लौट रहा था, इसी दौरान मधवाडीह के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो कर सड़क किनारे पोल से टकरा गई. दुर्घटना में युवक को गंभीर चोट पहुंची. सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इधर घटना की सूचना पाकर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे. मृतक की पत्नी एवं अन्य परिजनों की चीत्कार से सदर अस्पताल परिसर में माहौल गमगीन हो गया.
