- छह साल बाद छतीसगढ़ से पुलिस ने किया गिरफ्तार, राहुल और संजय ने मिलकर की थी अमन शर्मा की निर्मम हत्या, राहुल की गिरफ्तारी के बाद छह वर्षो से संजय दास चल रहा था फरार
गिरिडीह. गिरिडीह की पचम्बा थाना पुलिस ने वर्ष 2020 में पचम्बा में हुई चर्चित अमन शर्मा हत्याकांड में शामिल संजय दास नामक हत्यारे को आखिरकार छह वर्षो बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है. पुलिस ने संजय दास को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है. हालांकि अभी इस मामले में पचम्बा थाना पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है. लेकिन पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संजय दास को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है.
- क्या है पुरा मामला : क्यों और कैसे हुई हुई थी अमन की हत्या…
गौरतलब रहे की पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड़ो के समीप बीते आठ जनवरी 2020 को अमन शर्मा की हत्या हुई थी. इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक आरोपी राहुल दास नामक युवक को गिरफ्तार कर वर्ष 2020 में ही जेल भेज दिया था. बता दें कि पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत काठ गोदाम रोड निवासी अमन शर्मा की हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग था. अमन का राहुल की पत्नी से शादी के पूर्व से ही प्रेम-प्रसंग चल रहा था.
इसकी जानकारी जब राहुल को हुई तो उसने अपने फूफा संजय के साथ मिलकर अमन की हत्या की साजिश रच डाली थी. साजिश के तहत राहुल सात जनवरी की शाम सात बजे अमन को लेने पचंबा के मनीष स्टोर के समीप पहुंचा. वह अमन को अपनी बाइक में ले जाते हुए स्टोर के सीसीटीवी कैमरे में नजर आया था.
- कल्याणडीह में खरीदा था शराब और फिर बनखंजो पहाड़ के पीछे रेलवे पुल के समीप पत्थर से कूच कर की गयी थी अमन की हत्या
अमन को लेकर राहुल इस दौरान पहले कल्याणडीह स्थित एक शराब दुकान गया था. जहां उसने शराब खरीदी, शराब खरीदने के बाद राहुल दास अमन को लेकर अपने फूफा संजय दास के घर के नीचे लखारी पहुंचा और वहां से तीनों एक बाइक में बोड़ो के मिठाई दुकान पहुंचे, जहां राहुल ने दुकान से समोसा खरीदा. इस दौरान राहुल ने अपने फूफा को पचंबा थाना के समीप एक दवा दुकान के पास ही उतार दिया. समोसा खरीदने के बाद राहुल व अमन दोनों दुबारा संजय दास को लेने दवा दुकान पहुंचे. इसके बाद तीनों बनखंजो पहाड़ के पीछे रेलवे पुल के समीप पहुंचे, जहां तीनों ने एक साथ शराब पी. इस दौरान जब अमन शराब के नशे में धुत हो गया, तब शराब के नशे में अमन पर पहले राहुल के फूफा संजय ने पत्थर से वार किया, जिससे अमन जमीन पर गिर पड़ा. इसके बाद राहुल ने अमन पर पत्थरों से वार करना शुरु कर दिया जिससे अमन की मौत मौके पर हीं हो गई थी.

- घटना के बाद राहुल और संजय ने साक्ष्य मिटाने का भी किया था प्रयास
अमन की हत्या करने के बाद राहुल व संजय दास नीचे लखारी स्थित संजय दास के घर के समीप पहुंचे. जहां एक चूल्हा जल रहा था. इस दौरान चूल्हे में दोनों आरोपियों ने अपने-अपने पैंट जलाकर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया. बता दें की अमन का प्रेम-प्रसंग जिसके साथ चल रहा था, वह उसके बगल की रहने वाली थी. उसकी प्रेमिका से राहुल की शादी हुई थी. इसी हत्याकांड में आरोपी राहुल दास का फूफा संजय दास फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बता दें की संजय दास मूल रुप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है और उसका ससुराल पचम्बा के लखारी में है.
