जमशेदपुर. MGM अस्पताल में सनसनी: चौथी मंजिल से कूदकर 28 वर्षीय मरीज ने दी जान, गंभीर बीमारी के चलते तनाव में था युवक

झारखंड

जमशेदपुर. मानगो स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक मरीज ने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान परसुडीह निवासी 28 वर्षीय युवक के रूप में हुई है, जो पिछले चार साल से एड्स और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था। घटना सुबह लगभग 4 बजे की है, जब मरीज शौचालय जाने का बहाना बनाकर वार्ड से बाहर निकला और बरामदे की खिड़की से छलांग लगा दी।

तनाव और नशे की लत: परिजनों के अनुसार, बीमारी के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था और अत्यधिक नशा भी करता था। उसे 15 मार्च को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था और स्थिति में सुधार होने पर 16 मार्च को चौथे तल्ले के मेडिकल वार्ड (बेड नंबर 419) में शिफ्ट किया गया था। वार्ड के अन्य मरीजों ने बताया कि उसने पहले भी खिड़की से कूदने का प्रयास किया था, लेकिन तब लोगों ने उसे बचा लिया था।

अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल: MGM अस्पताल के नए परिसर में शिफ्ट होने के पिछले 6 महीनों के भीतर यह आत्महत्या की दूसरी घटना है। इससे पहले 24 अगस्त 2025 को भी एक मरीज ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने अस्पताल प्रबंधन और वार्डों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *