गिरिडीह. झारखंड की सर्वोच्च ऊंची चोटी और जैन धर्म के लोगों के सबसे पवित्र तीर्थ, मोक्षस्थली पारसनाथ पर्वत पर रविवार को शिखरजी स्वच्छता समिति मधुबन, भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमिटी व वन विभाग के कर्मियों के द्वारा रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस दौरान पहले फेज में कालीकुंड से लेकर क्षेत्रपाल तक वंदना पथ और उसके आस-पास के इलाकों में स्वच्छता अभियान चलाया. इस दौरान बताया गया कि पिछले एक–दो माह से लगातार आ रहे बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों और दर्शनार्थियों से पूरा पारसनाथ का इलाका गुलज़ार है. हजारों की संख्या में आ रहे दर्शनार्थियों के कारण पवित्र पहाड़ पर गंदगियों का अंबार लग गया है, जिस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पङ रहा था. इसी को देखते हुए स्वच्छता अभियान चलाया गया. साथ ही लोगों से अपील की गयी कि इस पवित्र भूमि को साफ-सफाई रखने में सहयोग करें और कचरा को कूडेदान में ही डाले.
