सिलचर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 14 मार्च 2026 को असम के सिलचर में लगभग 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरे का मुख्य आकर्षण शिलॉन्ग-सिलचर हाई-स्पीड कॉरिडोर (NH-06) रहा, जो पूर्वोत्तर भारत का पहला ‘एक्सेस-कंट्रोल’ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा. करीब 22,864 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 166 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई प्रदान करेगा. इसके निर्माण से गुवाहाटी और सिलचर के बीच यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर मात्र 5 घंटे रह जाएगा.
प्रधानमंत्री ने सिलचर शहर की यातायात समस्या को हल करने के लिए एनएच-306 पर कैपिटल प्वाइंट से रंगिरखारी तक बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर (फेज-1) का भी भूमि पूजन किया. इसके अलावा, कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए करीमगंज के पथारकंडी में 122 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला रखी गई. पीएम ने रेलवे क्षेत्र में भी बड़ी सौगात देते हुए सिलचर और चुराइबारी (त्रिपुरा सीमा) के बीच इलेक्ट्रिक रेल कनेक्टिविटी का उद्घाटन किया, जिससे बराक घाटी में प्रदूषण मुक्त और तेज रेल यात्रा सुनिश्चित होगी.
