‘अजित दादा अमर रहें’ के नारे लगे, अंतिम यात्रा हुई शुरू

नेशनल

महाराष्ट्र. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पार्थिव शरीर को उनकी ‘अंतिम यात्रा’ के लिए एक सजी हुई गाड़ी में ले जाया जा रहा है. गाड़ी को फूलों से सजाया गया है, जिसमें पवार की तस्वीर लगी है. इसमें एक बोर्ड पर लिखा है “स्वर्गीय अजितदादा पवार अमर रहें”. महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक (लगातार नहीं) डिप्टी सीएम रहे नेता की अंतिम यात्रा सुबह करीब 9 बजे विद्या प्रतिष्ठान कैंपस (गडीमा) से शुरू हुई. पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए यात्रा शहर से गुजरेगी. यह अंतिम यात्रा विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड पर खत्म होगी, जहां सुबह 11 बजे अंतिम संस्कार होगा.

अजित पवार के समर्थक ‘अजीत दादा अमर रहें’ के नारे लगाते दिखे. अंतिम यात्रा में उनके बेटे जय पवार, भतीजे रोहित पवार और पवार परिवार के अन्य सदस्य मौजूद हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि बारामती में चार्टर्ड विमान की क्रैश लैंडिंग के बाद कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर बरामद कर लिया गया है.

महाराष्ट्र सरकार ने पूरे राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है. 28 जनवरी से शुरू हुआ राजकीय शोक 30 जनवरी तक जारी रहेगा. इस दौरान उन सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है. शोक की अवधि के दौरान कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रमपूरे राज्य में नहीं होगा. पुणे जिले के बारामती में विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य की मौत के संबंध में पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है. पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने बारामती तालुका पुलिस थाने में , दुर्घटनावश मृत्यु रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है. प्रक्रिया के अनुसार, एडीआर को महाराष्ट्र आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) को सौंप दिया जाएगा, जो वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की जांच के निष्कर्षों के आधार पर जांच करेगा. एएआईबी नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन है. एएआईबी ने दुर्घटना की जांच अपने हाथ में ले ली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *