12 ज्योतिर्लिंग दर्शन यात्रा पर निकली सोनू पाल पहुंचीं गिरिडीह, हुआ भव्य स्वागत

गिरिडीह

गिरिडीह. उत्तर प्रदेश के कासगंज की रहने वाली सोनू पाल इन दिनों देश के बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की पावन साइकिल यात्रा पर निकली हुई है. जानकारी के अनुसार सोनू पाल लगभग 245 दिन पूर्व अपने घर से माता-पिता का आशीर्वाद लेकर इस धार्मिक यात्रा पर रवाना हुई थी. नौवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ में दर्शन के पश्चात दसवें ज्योतिर्लिंग देवघर (बाबाधाम) दर्शन के क्रम में वे गिरिडीह पहुंचीं. इस दौरान गिरिडीह जिले के पचंबा स्थित पेठियाटांड़ निवासी समाजसेवी संतोष कुमार गुप्ता के आवास पर उन्होंने रात्रि विश्राम किया. सोनू पाल के गिरिडीह आगमन पर समाजसेवियों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया. इस अवसर पर समाजसेवी पवन कंधवे, संतोष पांडे, अभिजीत साहू, रिंकू कंधवे, पंकज कंधवे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने उन्हें पुष्पमालाएं अर्पित कर अभिनंदन किया. इस मौके पर सोनू पाल ने कहा कि उनकी यह यात्रा सनातन धर्म को जागृत करने, गौ-रक्षा के संरक्षण तथा गौ – माता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने की मांग को लेकर है. उन्होंने बताया कि वे प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से प्रेरित होकर इस यात्रा पर निकली हैं, ताकि समाज में सनातन धर्म के प्रति जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक लोग अपने धर्म और संस्कृति से जुड़ें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *