- लोगों से की गयी यातायात नियमों के पालन करने की अपील
गिरिडीह. गणतंत्र दिवस को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है. 26 जनवरी को शहर के झंडा मैदान में जिला प्रशासन के द्वारा मुख्य झंडोतोलन कार्यक्रम किया जाएगा जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू शामिल होंगे और उनके द्वारा झंडोतोलन किया जाएगा. इसी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है और आज इसी कड़ी में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र के अंबेडकर चौक में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें यातायाता नियमों के पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनसे जुर्माना भी वसूला गया. सुबह के वक्त लगाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कई लोग बगैर हेलमेट के वाहन चलाते हुए पकड़े गए. जिनके खिलाफ परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के द्वारा कार्रवाई की गई और लोगों से बाइक चलाने के पहले घर से हेलमेट लेकर निकलने की अपील की गई. साथ ही कहा गया कि बगैर हेलमेट के वाहन चलाते हुए अगर पकड़े जायेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. इस दौरान कई लोगों के चालान भी काटे गए हैं और लोगों से यातायात नियमों के पालन करने की अपील की गई. जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि कल 26 जनवरी को लेकर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कल किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरती जाए और अभी से ही लोगों से यह अपील किया जा रहा है कि लोग यातायात नियमों का पालन करते हुए ही घर से बाहर निकले. उन्होंने कहा कि अक्सर 26 जनवरी के दिन कई लोग बगैर हेलमेट के ही वाहन चलाते हैं जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. इसी को लेकर यह विशेष अभियान चलाया गया है. इस मौके पर परिवहन विभाग के तमाम कर्मियों के साथ-साथ यातायात थाना प्रभारी डुगनू टोपनो के अलावा पुलिस जवान भी मौजूद थे.
