गिरिडीह. पचंबा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो पहले बिशनपुर स्थित एक व्यक्ति को टक्कर मारते हुए पचम्बा की ओर भागी. इसके बाद पचम्बा पहुंचते ही तेजी और जल्दबाजी में एक बच्चे को कुचल दिया. इस घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले सदर अस्पताल गिरिडीह लाया गया. यहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे धनबाद रेफर कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो धनबाद से गिरिडीह की ओर आ रही थी. वाहन चालक की पहचान खरगडीहा निवासी के रूप में की गई है. स्कॉर्पियो में चालक समेत करीब आठ लोग सवार थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं. वहीं धनबाद से आए सवारियों को बाद में दूसरी कार के माध्यम से उनके घर भेज दिया गया. इस हादसे में पचम्बा बाजार में स्थित सौरभ मोबाइल दुकान की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि जुगनू कलेक्शन दुकान को करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. दुकानदारों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि अगर उस समय कोई ग्राहक या वे खुद बाहर मौजूद होते तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था. घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो चालक को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
