पटना. बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके राजेंद्र नगर (रोड नंबर-2) में 65 वर्षीय महिला अधिवक्ता डॉ. इंद्रा लक्ष्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह उनका अधजला शव उनके दो मंजिला मकान के गेट के पास बरामद हुआ। डॉ. इंद्रा लक्ष्मी पटना हाई कोर्ट और सिविल कोर्ट में वकालत करती थीं और घर में अकेली रहती थीं। उनके पति रांची में रहते हैं और बेटी बेंगलुरु में रहती है।
घटना की जानकारी तब हुई जब मकान में रहने वाले किरायेदारों ने सुबह शव देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या है, दुर्घटना है या कोई गहरी आपराधिक साजिश। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और किरायेदारों से पूछताछ कर रही है। इस घटना से अधिवक्ता समुदाय और स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश और दहशत है।
