नीट छात्रा मौत मामले में सीबीआई का एक्शन: पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है. रविवार सुबह आईजी और एसपी के नेतृत्व में 20 अफसरों की टीम जहानाबाद स्थित छात्रा के गांव पहुंची और परिजनों से करीब चार घंटे तक सघन पूछताछ की. टीम ने माता-पिता, भाई और दादी से अलग-अलग कमरों में सवाल-जवाब किए ताकि मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके. जांच के दौरान सीबीआई ने छात्रा की किताबें, कपड़े, बैग और अन्य निजी सामान के साथ-साथ उसके भाई का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है. गौरतलब है कि 6 जनवरी को पटना के हॉस्टल में छात्रा बेहोश मिली थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों के भारी विरोध और दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शनों के बाद केस सीबीआई को सौंपा गया था.
