शादी में कतरास गया था परिवार, चोरों ने कर दिया घर को साफ

गिरिडीह

सोना – चांदी के जेवरात समेत ढाई लाख की संपत्ति पर किया हाथ साफ

गिरिडीह. गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर घरों और दुकानों को निशाना बनाने वाला चोर गिरोह सक्रिय हो गया है. बीते 20 जनवरी को कालीबाड़ी चौक स्थित तीन दुकानों में लाखों रुपये की चोरी की घटना के बाद अब नगर थाना क्षेत्र के धरियाडीह जो थाने के पीछे का इलाका है, यंहा चोरों ने एक बंद घर में बड़ी चोरी को अंजाम दिया है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है. जानकारी के अनुसार धरियाडीह निवासी मो. कमाल अंसारी अपने पूरे परिवार के साथ 20 जनवरी को एक शादी समारोह में शामिल होने कतरास गए हुए थे. इसी दौरान गुरुवार को स्थानीय लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उनके घर में चोरी हो गई है. सूचना मिलते ही वे आनन-फानन में परिवार के साथ घर पहुंचे, जहां देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ था. पीड़ित गृहस्वामी के अनुसार चोरों ने घर से करीब एक लाख रुपये नकद और बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात पर हाथ साफ कर दिया है. नकदी और गहनों की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है. घटना के बाद उन्होंने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है और चोरों की पहचान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *