जनता दरबार पहुंचे लोगों के मामलों पर उपायुक्त ने की सुनवाई, प्राथमिकता के साथ समस्याओं का करें निराकरण…*
गिरिडीह. जिला उपायुक्त, रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिक उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने एक-एक कर उपस्थित नागरिकों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार शासन-प्रशासन व आम नागरिकों के बीच संवाद का माध्यम है. इससे ना केवल लोगों की समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान होता है, बल्कि जनता का विश्वास भी प्रशासनिक व्यवस्था में मजबूत होता है.
आयोजित जनता दरबार में कुल 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक समस्याएं, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड और से संबंधित विषय प्रमुख रहे. उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से सुनवाई की और कई मामलों का निष्पादन मौके पर ही किया. उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के साथ काम करें, ताकि जनता को अनावश्यक परेशान नहीं होना पड़े. साथ ही सभी आवेदनों को जन समाधान पोर्टल पर निश्चित रूप से तय समय सीमा के अंदर अपलोड करना सुनिश्चित करें. यह पोर्टल विशेष रूप से जन समस्याओं का त्वरित निष्पादन और करवाई से ऑनलाइन अवगत करने हेतु बनाया गया है। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
