जादूगोड़ा. पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा क्षेत्र में इन दिनों नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे ओवरलोड पत्थर और बालू लदे हाईवा आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं. विशेष रूप से गालूडीह बराज स्थित स्वर्णरेखा नदी पर बने पुल की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्वर्णरेखा परियोजना के तहत ऑफलक्स बंड और एंटी फ्लड स्लूइस गेट निर्माण के लिए शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन द्वारा हाता क्षेत्र की खदानों से भारी मात्रा में निर्माण सामग्री मंगवाई जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि रोजाना 30 से 40 टन वजन वाले दर्जनों हाईवा इस प्रतिबंधित पुल से बेखौफ गुजर रहे हैं, जिससे पुल के कभी भी क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है.
हैरानी की बात यह है कि गालूडीह बराज पुल के दोनों छोर पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए बैरियर और चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, फिर भी पिछले छह महीनों से इन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. भाजपा जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने इस मामले में गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि वे जल्द ही उपायुक्त (DC) से लिखित शिकायत कर अविलंब कार्रवाई की मांग करेंगे. स्थानीय निवासी बिक्रम सिंह और राहुल कुमार ने बताया कि सड़कों पर गिरते पत्थरों और बोल्डर से कई बार लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन पोटका और मुसाबनी के प्रशासनिक अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं.
