नोवामुंडी: बस का इंतजार कर रही दो युवतियों को स्कूटी ने मारी टक्कर; झाड़ियों में जा गिरीं, अस्पताल में भर्ती

झारखंड

नोवामुंडी. पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी अंतर्गत तोड़े टोपा पुलिया के पास शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों युवतियां सड़क किनारे गुवा जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवतियां सड़क से उछलकर नीचे झाड़ियों में जा गिरीं.

हाइवा से बचने के चक्कर में हुआ हादसा

स्कूटी सवार अजय कालिंदी (निवासी गुंडी जोड़ा) ने बताया कि वह सामने से आ रही एक तेज रफ्तार हाइवा गाड़ी से बचने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान उसने स्कूटी पर से नियंत्रण खो दिया और ब्रेक लगाने के बावजूद सड़क किनारे खड़ी युवतियों को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार भी सड़क पर गिरकर चोटिल हुआ, लेकिन हेलमेट पहनने के कारण उसकी जान बच गई.

टाटा स्टील की एंबुलेंस से पहुँचाया गया अस्पताल

घायल युवतियों की पहचान जयमनी बागे और जेनिफर सामड के रूप में हुई है, जो तोड़े टोपा हरिजन टोला की रहने वाली हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने टाटा स्टील फाउंडेशन की एंबुलेंस बुलाई और दोनों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है. ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को अपने कब्जे में रखा है और घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *