मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का पियर थाना एक बार फिर विवादों के घेरे में है. पुलिस मुख्यालय की तमाम सख्ती और भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों के बीच, पियर थाना के अपर थानेदार अभिनंदन कुमार का कथित रूप से रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और ईमानदारी पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.
बिचौलिये के माध्यम से पहुंचाई जा रही थी रकम सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पियर थाना क्षेत्र के नूनफारा निवासी एक व्यक्ति से किसी काम के बदले बिचौलिये के माध्यम से पैसे तय किए गए थे. वीडियो में कथित तौर पर बिचौलिये को पुलिसकर्मी तक पैसे पहुँचाते हुए देखा जा सकता है. इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने गुप्त रूप से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.
एसएसपी कांतेश मिश्रा की सख्त हिदायत मामला संज्ञान में आते ही मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई की है. उन्होंने पूरे मामले की जांच का जिम्मा एसडीपीओ पूर्वी टू मनोज कुमार सिंह को सौंपा है. एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर विधि सम्मत और सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा:
“यदि रिश्वत लेने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित पुलिसकर्मी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”
विवादों से पुराना नाता: पहले भी सस्पेंड हो चुके हैं थानेदार मुजफ्फरपुर का पियर थाना पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में है. इससे पहले भी एक सरपंच की बेरहमी से पिटाई करने के मामले में यहाँ के थानेदार को सस्पेंड किया जा चुका है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि थाना परिसर ‘दलालों और बिचौलियों’ का अड्डा बन चुका है, जहाँ बिना सुविधा शुल्क के आम लोगों की सुनवाई मुश्किल होती है. इस नए वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश और भी बढ़ गया है.
