सिमडेगा. झारखंड के सिमडेगा जिले में कोलेबिरा-मनोहरपुर मुख्य पथ (NH-320G) के निर्माण कार्य में हो रही अत्यधिक देरी को लेकर शनिवार सुबह ग्रामीणों का सब्र टूट गया. बानो प्रखंड के सौदे घाट के पास सुबह 7 बजे से ही सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
प्रशासन और संवेदक पर वादाखिलाफी का आरोप
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जेएलकेएम (JLKM) के प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने बताया कि सड़क की बदहाली और उड़ती धूल ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है.
-
आवेदन की अनदेखी: ग्रामीणों का आरोप है कि एक माह पूर्व मुख्यमंत्री, उपायुक्त और एनएचएआई (NHAI) को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
-
दिक्कतें: सड़क निर्माण कार्य रुक-रुक कर चलने के कारण कीचड़ और धूल से स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं और आवागमन खतरनाक हो गया है.
लिखित आश्वासन पर अड़े ग्रामीण
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि वे केवल मौखिक वादों से पीछे नहीं हटेंगे. उनकी मांग है कि प्रशासन और ठेकेदार (संवेदक) काम पूरा करने की निश्चित समय सीमा का लिखित आश्वासन दें. मौके पर पहुँचे बानो अंचल अधिकारी और पुलिस टीम ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक जाम जारी है.
