बंगाल जाने के दौरान अचानक पूर्णिया एयरपोर्ट पर क्यों रुके पीएम मोदी? मंत्री दिलीप जायसवाल से इन मुद्दों पर की बात

नेशनल

दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल जाने के दौरान ट्रांजिट विजिट पर पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा पहुंचे. उनका यह दौरा भले ही छोटा रहा, लेकिन सीमांचल क्षेत्र के लिए इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एयरपोर्ट परिसर में बिहार सरकार के उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया. एयरपोर्ट परिसर में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के बीच सीमांचल के विकास पर चर्चा हुई. बातचीत में क्षेत्र में उद्योगों की संभावनाओं, नए निवेश के अवसरों और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. सड़क नेटवर्क के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी पर भी बातचीत हुई. मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने प्रधानमंत्री को बताया कि सीमांचल प्राकृतिक संसाधनों और मानव संसाधनों से समृद्ध इलाका है. यहां विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. सही नीति और केंद्र के सहयोग से यह क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि सीमांचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना बेहद जरूरी है. पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को सीमांचल की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यहां चाय बागान, फल और सब्जियों की भरपूर पैदावार होती है. खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की बड़ी संभावनाएं हैं. वस्त्र उद्योग, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी इन्वेस्टमेंट की काफी गुंजाइश है. मंत्री ने बताया कि इन क्षेत्रों में निवेश होने से सीमांचल के लाखों युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा. इससे पलायन भी रुकेगा. क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. इसके साथ ही पूर्णिया, किशनगंज, अररिया और कटिहार को जोड़ने वाली सड़कों के विस्तार पर भी चर्चा हुई. नए पुलों के निर्माण और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी बातचीत हुई. मंत्री ने कहा कि वर्तमान में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग जरूरी है. डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुई बातचीत काफी पॉजिटिव रही. उन्होंने सीमांचल के विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *