चांडिल. सरायकेला-खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांगलाटांड़, सालडीह और भालूककोचा गांवों में शुक्रवार रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. झुंड से बिछड़े इस हाथी ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर रखा अनाज चट कर गया, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग का कार्यालय महज 2-3 किलोमीटर दूर होने के बावजूद सूचना देने पर कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची और न ही हाथी भगाने के लिए टॉर्च या पटाखे उपलब्ध कराए गए. अंततः ग्रामीणों ने खुद जान जोखिम में डालकर शोर मचाते हुए हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा. प्रभावित परिवारों ने अब प्रशासन से उचित मुआवजे और हाथियों के आतंक से स्थायी समाधान की मांग की है.
