चाईबासा. पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-चाईबासा मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की जान चली गई. मृतका की पहचान लोरदा गांव निवासी सुमित्रा जामुदा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6:30 बजे सुमित्रा सड़क किनारे पैदल जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा. स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग को लेकर लोरदा गांव के पास एनएच-75 (ई) को पूरी तरह जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक चले इस जाम के कारण चाईबासा और चक्रधरपुर के बीच वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. ग्रामीण मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए खूंटपानी अंचलाधिकारी (CO) पुलेश्वर साहू और मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम हटवाया. अंचलाधिकारी ने मृतका के पति को तत्काल राहत के रूप में 10 हजार रुपये नकद प्रदान किए और आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत अन्य सभी सहायता राशि जल्द ही पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी. इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी.
