- शव के साथ रांची – दुमका मुख्य सड़क को किया जाम, मौक़े पर पहुंची पुलिस, लोगों को समझाने का कर रही है प्रयास
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के सरिया में स्थित उमा पॉलिक्लिनिक में गुरूवार को इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई है. मृतक महिला की पहचान सरिया थाना क्षेत्र के चौबे निवासी पूरन महतो की पत्नी अंजनी देवी (55 वर्ष ) के रूप में की गई. घटना के बाद मृतक के परिजन क्लिनिक के बाहर महिला के शव को रखकर संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने और उचित मुआवजा की मांग करते हुए सरिया के बगोडीह में रांची – दुमका मुख्य मार्ग को जाम करते हुए हंगामा शुरू कर दिया है. इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच – पड़ताल शुरू कर दी है. परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक में बगैर डॉक्टर के ही इलाज किया जाता है और गलत दवाई दी जाती है. जिसके कारण अक्सर मरीजों की जान चली जाती है. घटना के बाबत मृतक महिला अंजनी देवी के पुत्र मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि उनकी मां की तबीयत खराब हुई थी. उन्हें हल्का बुखार था जिसके बाद इलाज के लिए उमा पॉलीक्लिनिक में भर्ती कराया गया था. यहां अशोक मोदी नमक डॉक्टर के द्वारा इलाज किया जा रहा था. बताया गया कि अशोक मोदी के पास डॉक्टर की डिग्री भी नहीं है इसके बावजूद उनके द्वारा इलाज किया जा रहा था. बार-बार बोला जा रहा था कि आप लोग निश्चित रहिए महिला ठीक हो जाएगी. इसी बीच उनकी माँ को तीन दवाई खिलाने को बोला गया. दवाई खिलाई उनकी माँ को अचानक उल्टी होनी शुरू हो गई. जब इसके बाद डॉक्टर से बात की गई तो कहा कि निश्चित रहिए कोई दिक्कत नहीं है. बताया की वे अपनी मां को इलाज के लिए बाहर ले जाने की बात बार-बार कर रहे थे. लेकिन अशोक मोदी मानने को तैयार नहीं था और जब आज स्थिति बिगड़ गई तो रांची रेफर कर दिया गया. जिसके बाद रास्ते में ही उनकी मां की मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजन और आक्रोशित लोगों ने शव को क्लीनिक के बाहर रखकर जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है और सरिया के बगोडीह के पास रांची – दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है. परिजनों के द्वारा क्लिनिक संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की जा रही है. इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद सरिया पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. इधर क्लिनिक के संचालक अशोक बरनवाल ने परिजनों के द्वारा लगाए जा रहे आरोप को गलत बताया है.
