गुमला. शहर में रसोई गैस की भारी किल्लत के खिलाफ शुक्रवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने समाहरणालय के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले 5 दिनों से कतार में खड़े हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। आरोप है कि गैस से भरे ट्रक आते ही सीधे गोदाम भेज दिए जा रहे हैं और आम जनता को परेशान किया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता नेल्सन भगत ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरहुल, ईद और रामनवमी जैसे त्योहारों के समय ऐसी किल्लत चिंताजनक है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने जल्द आपूर्ति दुरुस्त करने का आश्वासन देकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल शहर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और लोग तत्काल समाधान की मांग पर अड़े हैं।
