गिरिडीह. इलाज के बहाने कथित रूप से चोरी का मोबाइल बेचने के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बेंगाबाद पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गए युवक की पहचान देवघर जिले के सतसंग नगर निवासी आदित्य रवानी के रूप में हुई है. वहीं मोबाइल खरीदने वाला गांडेय थाना क्षेत्र के टोटपा गांव निवासी पिंटू यादव बताया जा रहा है.
पिंटू यादव के अनुसार, वह गिरिडीह सदर अस्पताल गया हुआ था, जहां युवक ने अपनी बच्ची के इलाज के लिए पैसे की जरूरत बताकर मोबाइल बेच दिया. बाद में मोबाइल में सिम डालते ही साइबर पुलिस का कॉल आने लगा, जिससे संदेह गहरा गया. इसके बाद पिंटू यादव ने साइबर पुलिस को सूचना दी और आरोपी को दूसरा मोबाइल खरीदने के बहाने बेंगाबाद के घुठिया हाई स्कूल के पास बुलाया. वहां पहुंचते ही ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.
वहीं आरोपी ने मोबाइल चोरी के आरोप से इनकार करते हुए उसे अपना निजी मोबाइल बताया है. फिलहाल बेंगाबाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
