धनवार में आदिवासी जमीन हड़पने का आरोप, सीओ के खिलाफ आदिवासी समुदाय का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

गिरिडीह

गिरिडीह. धनवार प्रखंड में भूमि विवाद और आदिवासी जमीनों की कथित हड़पने की शिकायत को लेकर आदिवासी समुदाय ने जोरदार प्रदर्शन किया. भाजपा नेता सुबोध राय और सुकेज हेंब्रम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग धनवार पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया.
दरअसल, पारंपरिक तीर-धनुष और डुगडुगी के साथ पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि धनवार अंचल के महेशमरवा और बल्हारा में आदिवासी समुदाय की खतियानी जमीनों पर भूमाफियाओं की नजर है और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास किया जा रहा है. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह सब धनवार सीओ के संरक्षण में हो रहा है.
सुकेज हेंब्रम ने कहा कि आदिवासी समुदाय की जमीनों को बचाने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है. उन्होंने अंचल प्रशासन की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए सरकार और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
प्रदर्शनकारियों ने सीओ पर भूमाफियाओं का सहयोग करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी की गई और आदिवासी जमीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *