रांची. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत रांची पहुंच गए हैं. मोहन भागवत आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे संवाद कार्यक्रम सीरीज के तहत झारखंड दौरे पर आए हैं. शनिवार को रांची के कांकेवल बैंक्वेट हॉल में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा. इस विशेष आयोजन में झारखंड के जनजातीय समाज के प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है. शिक्षा, समाजसेवा, व्यापार, बुद्धिजीवी वर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रमुख लोग भी इस कार्यक्रम में शामिल रहेंगे.
संवाद कार्यक्रम के दौरान मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से किए जा रहे सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों पर विस्तार से बात करेंगे. वह बताएंगे कि आरएसएस किस तरह समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर राष्ट्रहित में काम कर रहा है. पिछले 100 वर्षों में संघ ने देश और समाज के लिए क्या योगदान दिया है, इस पर भी विशेष रूप से चर्चा करेंगे.
आरएसएस के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में संघ की ऐतिहासिक यात्रा, उसके मूल विचार, और सामाजिक परिवर्तन में उसकी भूमिका को प्रमुखता से रखा जाएगा. मोहन भागवत संघ के कार्यकर्ताओं की भूमिका, सेवा कार्यों, आपदा राहत, शिक्षा और सामाजिक समरसता से जुड़े प्रयासों को भी रेखांकित करेंगे.
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया जाएगा. इसमें कार्यक्रम में शामिल झारखंड के प्रमुख लोग मोहन भागवत से सीधे सवाल पूछ सकेंगे। यह सत्र युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा.
