रांची. जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के विरोध में राजधानी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा. तेज बारिश और बिना टेंट-छाते की अव्यवस्था के बावजूद सैकड़ों छात्र-युवा अपनी मांगों पर डटे रहे. आंदोलन को धार देते हुए मंगलवार को पांच और छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए.
बारिश में भी डटे रहे अभ्यर्थी, अभिनय शर्मा ने दिया समर्थन
रामगढ़ से आए अभ्यर्थी ब्रह्मानंद कुमार लगातार अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. भारी बारिश के बीच जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा के नीचे बैठे ब्रह्मानंद ने कहा कि JSSC CGL, JPSC FRO और ACF जैसी परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. छात्रों का समर्थन करने पहुंचे जाने-माने एजुकेटर अभिनय शर्मा ने कहा कि अपने भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के लिए युवाओं को एकजुट होकर भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ लड़ना होगा.
