निमियाघाट और सरिया से अवैध शराब लदी दो पिकअप वैन जब्त, दो गिरफ्तार
गिरिडीह. नगर निगम चुनाव को लेकर डीसी रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक श्रीकांत यशवंत विस्पुते के नेतृत्व में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में आज उत्पाद अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के डुमरी – बोकारो फुसरो रोड़ से और सरिया थाना क्षेत्र के कोइरीडीह बाजार से अवैध शराब लदी दो पिकाअप वैन को जब्त किया है. इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर व एक चालक को भी गिरफ्तार किया है. दोनों पिकअप वैन से टीम ने भारी मात्रा में लाखों रुपये मूल्य के शराब को जब्त किया है. जब्त शराब में रॉयल स्टैग 180 एमएल -19 पेटी, बी 7 375 एमएल 25 पेटी, आईकोनिक 375 एमएल -57 पेटी, ब्लेंडर प्राइड 375 एमएल 4 पेटी, रॉयल स्टैग 375 एमएल 16 पेटी, रॉयल चैलेंज एमएल 375 -20 पेटी कुल 141 पेटी शराब को जब्त किया है, जिसकी कीमत लाखों रूपये बताई जा रही है. बताया जा रहा है की शराब माफियाओं के द्वारा अवैध शराब की खेप को मछली लाने वाली पेटियों में छिपा कर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था. फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम इस अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य धंधेबाजों की पहचान करने में जुटी हुई है.
