रांची. रांची नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन के पहले दो दिनों तक समाहरणालय परिसर में स्थिति सामान्य बनी रही. अधिकांश लोग केवल नामांकन पत्र खरीदने पहुंचे थे, जिससे ज्यादा भीड़ नजर नहीं आई. लेकिन मंगलवार को माहौल पूरी तरह बदल गया. सुबह से ही समाहरणालय के ए-ब्लॉक के बाहर प्रत्याशियों के काफिले पहुंचने लगे. समर्थक झंडे, बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते दिखे और परिसर चुनावी रंग में रंग गया. कई प्रत्याशी शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन करने पहुंचे, जबकि कुछ ने सादगीपूर्ण तरीके से पर्चा दाखिल किया. बुधवार चार फरवरी को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण मंगलवार को नामांकन करने वालों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रही. दिनभर नामांकन कक्षों के बाहर हलचल बनी रही.
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे. समाहरणालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. बैरिकेडिंग के साथ प्रवेश पास की व्यवस्था लागू रही, ताकि अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके. प्रत्याशियों को नामांकन कक्ष तक पहुंचने के लिए निर्धारित मार्ग से भेजा गया. हालांकि भीड़ के दबाव के कारण कुछ समय के लिए ए और बी ब्लॉक के मुख्य द्वार पर अव्यवस्था की स्थिति बनी, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता से हालात जल्द ही काबू में आ गए.
नामांकन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता के पालन पर प्रशासन की कड़ी नजर रही. इस बार नगर निकाय चुनाव में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही. बड़ी संख्या में महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जो स्थानीय शासन में उनकी बढ़ती भूमिका को दर्शाता है. वहीं, पहली बार चुनाव लड़ रहे युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला. युवा प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थकों की टोली अलग ही रंग में नजर आई.
नगर निगम चुनाव के तहत नामांकन के दूसरे दिन चुनावी हलचल और तेज हो गई. मेयर पद के लिए कुल 10 नामांकन पत्र दाखिल किए गए. झारखंड महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और पूर्व मेयर रमा खलखो ने मेयर पद के लिए नामांकन किया. नामांकन के दौरान मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय और बंधु तिर्की मौजूद रहे. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि रमा खलखो के अनुभव का लाभ रांची शहर को मिलेगा और नगर निगम को मजबूत नेतृत्व मिलेगा. इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशी संजय टोप्पो ने भी मेयर पद के लिए नामांकन दाखिल किया. वहीं बुंडू नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन पत्र भरे गए.
