गिरिडीह. आज 12 फरवरी 2026 को देश की 10 केंद्रीय श्रमिक संगठनों द्वारा आहूत राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल का आयोजन किया गया. यह हड़ताल देश के मेहनतकश वर्ग के ज्वलंत मुद्दों-निजीकरण, श्रम कानूनों में मजदूर विरोधी संशोधन, बढ़ती महंगाई, ठेका प्रथा और रोजगार सुरक्षा के खिलाफ संयुक्त संघर्ष का प्रतीक है. ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉयीज़ एसोसिएशन (AIBEA) के सदस्य होने के नाते हम भी इस ऐतिहासिक हड़ताल में सक्रिय रूप से सहभागी बने. बैंक कर्मचारियों का यह समर्थन केवल बैंकिंग क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक श्रमिक एकता और सामाजिक न्याय के संघर्ष का हिस्सा है. आज की हड़ताल के माध्यम से हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि देश के सार्वजनिक क्षेत्र, बैंकिंग व्यवस्था और श्रमिक अधिकारों पर किसी भी प्रकार का आघात स्वीकार नहीं किया जाएगा. सरकार से हमारी मांग है कि वह श्रमिक संगठनों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करे और जनविरोधी नीतियों को वापस ले. हम सभी श्रमिक साथियों, विभिन्न ट्रेड यूनियनों एवं आम जनता का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने इस हड़ताल को सफल बनाने में सहयोग दिया. यह संघर्ष श्रमिक वर्ग की एकता, दृढ़ता और अधिकारों की रक्षा के संकल्प को दर्शाता है. मौके पर पुरेन्द्र कुमार, शहबाज आलम, दीपक लाल, सीताराम, अंकित शर्मा, ध्रुव कुमार, अजय आनंद, अशोक, गौरव, कंजली, भारती समेत कई मौजूद थे.
