कोलकाता. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के टॉलीगंज में टेक्नीशियन स्टूडियो के पास स्थित एक बहुमंजिली इमारत में महाशिवरात्रि की सुबह भीषण आग लग गई. आग पांचवीं मंजिल के एक फ्लैट में लगी और देखते ही देखते धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया, जिससे वहां रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया. सुरक्षा के लिहाज से लिफ्ट बंद कर दी गई थी, जिसके कारण यश दासगुप्ता, नुसरत जहां, सायंतिका बनर्जी और निर्देशक शुभ्रजीत मित्रा जैसे मशहूर फिल्मी सितारों को अपने परिवार और पालतू जानवरों के साथ सीढ़ियों से उतरकर सड़क पर भागना पड़ा. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शिवरात्रि की पूजा के दौरान जलाया गया दीया माना जा रहा है. दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत की बात यह रही कि इस हादसे में सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए.
