धनबाद: वासेपुर के डॉन प्रिंस खान के घर फिर गरजी पुलिस, कोर्ट के आदेश पर छत का शेड तक उखाड़ ले गई टीम

धनबाद

धनबाद. झारखंड के धनबाद जिले के चर्चित वासेपुर इलाके में मंगलवार को प्रशासन ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कमर मखदूमी रोड स्थित उसके आवास पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने पहुंचकर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, कोर्ट से संबंधित कुछ अधूरी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए बैंक मोड़ और भूली ओपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान पुलिस की सख्ती का आलम यह रहा कि घर की सघन तलाशी के बाद छत पर लगे लोहे के शेड को भी उखाड़कर जब्त कर लिया गया। विधि-व्यवस्था प्रभारी नौशाद आलम के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई कोर्ट के सख्त निर्देशों के अनुपालन में की गई है, जिससे अपराधियों के बीच कड़ा संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *