नगर निगम चुनाव में हिंदू समाज और खासकर स्वर्ण समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही है सरकार : डॉ रविन्द्र राय
गिरीडीह नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा गिरीडीह के एक स्थानीय होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविन्द्र राय, पूर्व मंत्री राजपालिवार, बीजेपी जिला महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, अशोक उपाध्याय,चुन्नूकांत एवं मनोज सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ रविन्द्र राय ने राज्य सरकार और गिरीडीह के स्थानीय विधायक सह मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में सामाजिक संरचना को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। सरकार के पास न तो कोई मुद्दा है और न ही कोई विजन है। पिछले छह वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद सरकार ने विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया।
डॉ रविन्द्र राय ने आरोप लगाया कि इस चुनाव में सरकार समाज तोड़ने का काम कर रही है, जिसमें विशेष रूप से हिंदू समाज और स्वर्ण समाज को विभाजित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के मंत्री द्वारा गिरिडीह में बैठक कर समाज को बांटने की साजिश रची जा रही है। बीजेपी ने हमेशा हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधकर रखने का काम किया है, लेकिन वर्तमान सरकार समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए समाज को सजग रहने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने यूजीसी मुद्दे पर कहा कि यह नगर निकाय चुनाव का मुद्दा नहीं है, लेकिन सरकार अपने राजनीतिक लोगों के माध्यम से इसे गिरिडीह में मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है।
डॉ रविन्द्र राय ने कहा कि बीजेपी यूजीसी के विरोध का समर्थन करती है, लेकिन जिस विषय पर कोर्ट द्वारा रोक लगाई गई हो, उसे राजनीतिक रूप से हवा देना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सामाजिक विभाजन के आधार पर राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा सभी समाज को बराबरी का हक देने के लिए काम करती रही है। उन्होंने स्वर्ण समाज से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव में विकास कार्य करने वाले प्रत्याशी को वोट दें और गिरिडीह के भविष्य के लिए बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को ही विजयी बनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बीजेपी हमेशा आगे रही है और इस बार भी जनता बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को समर्थन करेगी।
