गिरिडीह के बेंगाबाद में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: घाघरा गांव में चल रही नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़; लाखों का माल और 2 वाहन जब्त

गिरिडीह

गिरिडीह. उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद विभाग और बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घाघरा गांव में चल रही एक अवैध व नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में भारी मात्रा में नकली शराब, स्प्रिट और पैकेजिंग सामग्रियां बरामद की गई हैं. यह अवैध कारोबार एक बड़ी चहारदीवारी के अंदर टीन शेड बनाकर छुपाकर चलाया जा रहा था, जहां रॉयल स्टैग, आइकॉनिक और रॉयल चैलेंज जैसे नामचीन ब्रांड्स की नकली शराब तैयार की जा रही थी.

उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से 350 पेटी तैयार नकली विदेशी शराब और पानी की टंकियों व ड्रमों में छिपाकर रखा गया करीब 4000 लीटर स्प्रिट जब्त किया है. इसके अलावा फैक्ट्री से ब्रांड्स के 55 रोल नकली लेबल, 25,000 पीस नकली ढक्कन, 20 रोल नकली होलोग्राम, 60 बोरा खाली बोतलें और 1000 पीस कार्टन बरामद किए गए हैं. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाले 1 पिकअप और 1 मारुति एसीई वाहन को भी जब्त कर लिया है.

इस बड़ी कार्रवाई को लेकर उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) एवं 55 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े मुख्य सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है. छापेमारी दल में उत्पाद अधीक्षक के साथ पुलिस अवर निरीक्षक जगन्नाथ पान, उत्पाद अवर निरीक्षक रवि रंजन और सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *