रामगढ़. जिले के रांची रोड स्थित नानक इन्क्लेव के शटरिंग में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गयी. आग लगने की इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शटरिंग में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया.
अपार्टमेंट के मालिक बलजीत सिंह बेदी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है. घटना की जानकारी मिलते ही कुजू पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है. गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने की असली वजहों को तलाशने में जुटे हैं.
