रामगढ़. जिले के पतरातू में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने गश्त और निगरानी अभियान के दौरान रेलवे की संपत्ति चोरी कर ले जा रहे एक व्यक्ति को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरपीएफ ने आरोपी के कब्जे से रेलवे ट्रैक में इस्तेमाल होने वाले 41 पीस पेंड्रोल क्लिप बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पतरातू थाना क्षेत्र के जयनगर कुम्हार टोला निवासी 35 वर्षीय तापेश्वर प्रजापति (पिता- स्व. सोहराय प्रजापति) के रूप में की गई है.
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट पतरातू के निरीक्षक प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक सोनू कुमार, प्रवीण कुमार और अन्य स्टाफ गश्त पर थे. इसी दौरान पतरातू रेलवे गेट से जयनगर अंडरपास की ओर जाने के क्रम में अप लाइन के किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर प्लास्टिक की बोरी लेकर जाता दिखाई दिया. संदेह होने पर जवानों ने किलोमीटर संख्या 119/19-21 के बीच उसे घेरकर पकड़ लिया. बोरी की तलाशी लेने पर उसके भीतर से 41 पेंड्रोल क्लिप बरामद हुए, जिसके संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ में आरोपी ने झाड़ियों के पास से लोहे का सामान चोरी करने की बात स्वीकार की. इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर सामग्री को जब्त कर लिया. इस मामले में आरपीएफ पोस्ट पतरातू में रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच उप निरीक्षक सोनू कुमार को सौंपी गई है.
