मधेपुरा. नीतीश कुमार के तीखे तेवर, राजद शासन पर बोले- पहले सब गड़बड़ था, अपनों को सत्ता सौंपने के अलावा कुछ नहीं किया

नेशनल

मधेपुरा. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही राज्यसभा जाने की तैयारी में हों, लेकिन उनके सियासी तेवर आज भी पहले जैसे ही तल्ख हैं. मंगलवार को मधेपुरा और सुपौल की अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान मुख्यमंत्री विपक्ष पर जमकर बरसे. उन्होंने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल को याद दिलाते हुए जनता से कहा कि पहले सब कुछ कितना ‘गड़बड़’ था. नीतीश कुमार ने सीधे तौर पर निशाना साधते हुए कहा कि जब आरजेडी नेता को जेल जाना पड़ा, तो उन्होंने किसी और के बजाय अपनी पत्नी को सत्ता सौंप दी, लेकिन महिलाओं के उत्थान के लिए वास्तविक धरातल पर कोई काम नहीं किया.

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों से बिहार में निरंतर विकास का काम हो रहा है. उन्होंने महिलाओं और युवाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार अनुमंडल स्तर तक बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है. राजद पर प्रहार जारी रखते हुए उन्होंने जनता को आगाह किया कि वे ‘उन लोगों’ के चक्कर में न पड़ें जिन्होंने बच्चों और युवाओं के भविष्य के लिए कभी कुछ नहीं किया. सुपौल में मंत्रियों की उपस्थिति में उन्होंने केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग की भी सराहना की और भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार एक विकसित राज्य के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *