साहिबगंज. राधानगर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, सड़क हादसे में नानी की मौत, नाती की हालत गंभीर

झारखंड

साहिबगंज. जिले के राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण पियारपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला हविलान बीबी की मौत हो गई, जबकि उनका 30 वर्षीय नाती आरिफ शेख गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, आरिफ अपनी नानी को बाइक पर बैठाकर उधवा ले जा रहे थे, तभी आकुनबन्ना नाशघाट के पास सामने से आ रहे मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए.

हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें इलाज के लिए भागलपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में बोरियो के पास ही हविलान बीबी ने दम तोड़ दिया. घायल आरिफ शेख का इलाज फिलहाल जारी है. घटना की सूचना पर पहुंचे एएसआई ओमप्रकाश चौहान ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों ने मिट्टी लदे ट्रैक्टरों की बेलगाम रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *