पश्चिमी सिंहभूम. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में देर रात हुई बारिश ने जहां एक ओर मौसम सुहाना कर लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर शहर की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोल दी. हल्की बारिश के बाद ही ओवरब्रिज सहित कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
ओवरब्रिज पर जलजमाव और बंद लाइटें
शहर के मुख्य ओवरब्रिज पर पानी निकासी के लिए बनाए गए होल जाम होने के कारण पुल पर पानी भर गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव से ब्रिज के ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा, ब्रिज पर पिछले कई महीनों से 17 से अधिक स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं. रात के समय पुल पर अंधेरा रहने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. ताज्जुब की बात यह है कि टाटा स्टील के वेंडरों द्वारा प्रतिदिन सफाई का दावा किया जाता है, फिर भी पानी निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है.
सड़कों की हालत खराब
जलजमाव की समस्या सिर्फ ओवरब्रिज तक सीमित नहीं है. काली पूजा पंडाल के पास स्थित पीसीसी रोड पर भी पानी भरने से सड़क तालाब का रूप ले चुकी है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने और खराब लाइटों की मरम्मत करने की मांग की है ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके. फिलहाल, जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों में रोष व्याप्त है.
