कोलकाता. दंकुनी टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है. अब बर्दवान की ओर जाने वाली लेन में वाहनों से टोल टैक्स की वसूली बंद कर दी गई है, जिससे इस मार्ग पर चलने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. हालांकि, यह सुविधा केवल एक तरफ के लिए ही प्रभावी है. बर्दवान से कोलकाता की ओर आने वाले वाहनों को पहले की तरह ही निर्धारित टोल टैक्स का भुगतान करना होगा. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि बर्दवान की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह टोल मुक्त कर दिया गया है, जबकि वापसी की लेन में टैक्स वसूली पूर्ववत जारी रहेगी.
इस फैसले के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है. हाल ही में बर्दवान-दुर्गापुर एक्सप्रेसवे की साइड वॉल गिरने की घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) सवालों के घेरे में है. दंकुनी शहर के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश राहा ने इस कदम को ‘नुकसान की भरपाई’ करार देते हुए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं. वहीं, भाजपा के सेरामपुर उपाध्यक्ष देबाशीष मुखर्जी ने पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों का खर्च केंद्र उठाता है, लेकिन देखरेख की जिम्मेदारी राज्य की होती है. फिलहाल, राजनीतिक बहस के बीच आम जनता इस टोल कटौती का स्वागत कर रही है.
