साहिबगंज. ई-रिक्शा और जुगाड़ गाड़ी में सीधी भिड़ंत, पाकुड़ के किशोर चालक समेत दो की मौत, जांच में जुटी पुलिस

झारखंड

साहिबगंज. जिले के बरहरवा प्रखंड अंतर्गत कोटालपोखर-फरक्का मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. यह घटना जीवनपुर गांव के समीप उस वक्त हुई, जब एक ई-रिक्शा और अवैध लकड़ी लदी जुगाड़ गाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. मृतकों की पहचान पाकुड़ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अजीजुर शेख और 60 वर्षीय पोटला पहाड़िया के रूप में हुई है. दोनों पश्चिम बंगाल के चादौड़ से लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार जुगाड़ गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को कोटालपोखर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही कोटालपोखर थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त जुगाड़ गाड़ी को जब्त कर लिया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही जुगाड़ गाड़ियों की रफ्तार पर स्थानीय लोगों ने गहरी चिंता जताई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *