पलामू. सतबरवा में शादी का भोज खाने से 100 से अधिक लोग बीमार, स्कूल में ही शुरू करना पड़ा इलाज, 10 की हालत गंभीर

झारखंड

पलामू. जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत बोहिता गांव के पोखर पार टोला में फूड प्वाइजनिंग की एक बड़ी घटना सामने आई है. बुधवार को एक शादी समारोह में भोज खाने के बाद 100 से अधिक ग्रामीण अचानक बीमार पड़ गए. स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण स्वास्थ्य विभाग को स्थानीय उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में ही अस्थायी उपचार केंद्र बनाना पड़ा, जहां जमीन पर लिटाकर लोगों का इलाज किया जा रहा है. इनमें से 10 लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मेदिनीनगर रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, पोखर पार टोला निवासी हरिशंकर चंद्रवंशी के घर बेटे की शादी के उपलक्ष्य में बुधवार दोपहर भोज का आयोजन किया गया था. भोज में पूरी, सब्जी और बुंदिया परोसी गई थी. भोजन करने के कुछ घंटों बाद ही लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी. गुरुवार सुबह तक बीमारों की संख्या 100 के पार पहुंच गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर लेस्लीगंज स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम गांव पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे हैं, जो राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पीड़ितों को दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *