जमशेदपुर. हरियाणा के भिवाड़ी में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के छह मजदूरों की मौत के मामले में केंद्र सरकार और स्थानीय सांसदों ने बड़ी राहत सुनिश्चित की है. संसद सत्र की समाप्ति के तुरंत बाद रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो देर रात गुरुग्राम पहुंचे. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को कुल 40-40 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. इसमें 20 लाख रुपये निर्माण कंपनी देगी और शेष 20 लाख रुपये सरकारी प्रावधानों के तहत मिलेंगे. इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने पर भी सहमति बनी है.
गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई इस बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस आयुक्त और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे. रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए गुरुग्राम प्रशासन की बात पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्तों से कराई, ताकि पार्थिव शरीरों को लाने में कोई बाधा न आए. कंपनी ने सभी शवों को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी ली है. मृतकों में पोटका (जादूगोड़ा) के धनंजय महतो, भागीरथ गोप, संजीत गोप, मंगल महतो और ईचागढ़ के शिवशंकर सिंह मुंडा व परमेश्वर महतो शामिल हैं. गुरुवार को सभी शव उनके गृह क्षेत्र पहुंचेंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा. सांसदों ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है.
