जमशेदपुर. सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बस्ती में रविवार रात करीब 8:30 बजे पारिवारिक विवाद के दौरान टाटा स्टीलकर्मी राजन पांडेय (45) गंभीर रूप से घायल हो गए. इलाज के दौरान एमजीएम अस्पताल में उनके सिर में 27 टांके लगाने पड़े.
घायल राजन पांडेय और उनके परिजनों का आरोप है कि सास और पत्नी से पैसों के लेनदेन को लेकर हो रही बहस के दौरान पहुंचे साले ने चापड़ से सिर पर हमला कर दिया.
दूसरी ओर, सिदगोड़ा थाना पुलिस ने हथियार से हमले की बात से इनकार किया है. पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद और धक्का-मुक्की के दौरान राजन पांडेय गिर पड़े और उनका सिर दीवार से जा टकराया, जिससे वे चोटिल हुए. पुलिस घायल का बयान दर्ज कर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
