दुमका. झारखंड की उप-राजधानी दुमका के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र टीन बाजार में गुरुवार सुबह एक पूजा सामग्री की दुकान में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा. घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में दुकान के अंदर रखी हवन सामग्री, घी, कपूर और अन्य पूजन सामग्री जलने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. चूंकि ये सामग्रियां अत्यधिक ज्वलनशील होती हैं, इसलिए आग ने विकराल रूप ले लिया था. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया और स्थानीय वार्ड पार्षदों ने पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया. समय रहते दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को पड़ोस की दुकानों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बाजार में एक बड़ी तबाही टल गई. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
