मेदिनीनगर (पलामू). पलामू जिले के मेदिनीनगर-पंडवा-औरंगाबाद एनएच-33 मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गाड़ीखास (बढ़का भिट्ठा) के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए हैं।
सांसद के करीबी भाजपा नेता के पुत्र थे मृतक: हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान आकाश कुमार पांडेय (33 वर्ष) के रूप में हुई है। आकाश, पलामू के वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद विष्णु दयाल राम के करीबी ईश्वरी पांडेय के बड़े पुत्र थे। इस घटना की खबर मिलते ही पलामू के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे का विवरण: जानकारी के अनुसार, आकाश पांडेय रेहला स्थित ग्रासिम कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वे मेदिनीनगर स्थित अपने आवास से ड्यूटी के लिए बुलेट से निकले थे।
-
सीधी टक्कर: जैसे ही वे गाड़ीखास के पास पहुंचे, विपरीत दिशा (औरंगाबाद) की ओर से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बुलेट को सामने से टक्कर मार दी।
-
परखच्चे उड़े: टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट और स्कॉर्पियो दोनों के परखच्चे उड़ गए।
अस्पताल में उमड़ी भीड़: सूचना मिलते ही पंडवा पुलिस मौके पर पहुंची और आकाश पांडेय समेत घायलों को मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। पलामू में आए दिन तेज रफ्तार के कारण हो रहे ये हादसे अब आम जनमानस के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गए हैं।
