कतरास. धनबाद जिले के कतरास में मारवाड़ी महिला समिति के तत्वावधान में आयोजित 16 दिवसीय गणगौर उत्सव का शनिवार को धूमधाम से समापन हो गया. राणी सती दादी मंदिर से शुरू हुए इस अनुष्ठान के अंतिम दिन महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में भव्य शोभायात्रा निकाली. गाजे-बाजे और मंगल गीतों के साथ महिलाएं गणगौर की प्रतिमा लेकर सूर्य मंदिर स्थित कतरी नदी तट पहुंचीं, जहां विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया. इस दौरान महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सुहाग की कामना की.
समिति की अध्यक्ष रितु अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संगीता जालान, प्रियंका चौधरी और मीना अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं शामिल हुईं. पूरे रास्ते जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. विसर्जन के साथ ही महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पर्व की परंपराओं को निभाया. इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रदर्शित किया, बल्कि मारवाड़ी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत कर दिया.
