चाईबासा: सर्विस राइफल की सफाई के दौरान चली गोली, गुमला के रहने वाले पुलिस जवान की मौत

झारखंड

चाईबासा. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना अंतर्गत पालीसाई सीआरपीएफ पिकेट में रविवार शाम एक हृदयविदारक घटना घटी. ड्यूटी पर तैनात जिला पुलिस के जवान अजय किशोर खाका की अपनी ही सर्विस राइफल (इंसास) से गोली चलने के कारण मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, अजय किशोर खाका राइफल की सफाई कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई जो उनके गले से घुसकर सिर को चीरते हुए निकल गई. मृतक जवान मूल रूप से गुमला जिले के रायडीह गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में नक्सलियों के खिलाफ सारंडा जंगल में चल रहे अभियान का हिस्सा थे.

घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई और साथी जवानों के पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है. हालांकि, चर्चा यह भी है कि जवान पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे, जिसके कारण आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है. जगन्नाथपुर एसडीपीओ राफैल मुर्मू ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर बिंदु को ध्यान में रखकर सच्चाई का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *