चतरा. मयूरहंड थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी 32 वर्षीय कुलदीप यादव की बिहार के हिलसा में अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. शनिवार देर शाम हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया है. मृतक कुलदीप बिहार में एक निर्माण स्थल पर पोकलेन चालक के रूप में कार्यरत था. चश्मदीदों के अनुसार, त्रिलोक विगहा के पास बाइक सवार बदमाशों ने पहले वहां मौजूद इंजीनियर को निशाना बनाने की कोशिश की और फिर कुलदीप के सीने में गोली मार दी. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद से मृतक की पत्नी पिंकी कुमारी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं एक वर्षीय मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है. फिलहाल परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं.
